देर शाम तक चली डीएम की मैराथन सुनवाई,शिकायतों का निकाला हल।
जनसुनवाई बनी समाधान की मिसाल 326 शिकायतें, ज़्यादातर का मौके पर निस्तारण।
डीएम ने अवैध मीट दुकानों पर कार्रवाई के दिए निर्देश।
बीमित ऋण उपरांत बैंक कर रहा विधवा अनीता को प्रताड़ित; डीएम ने दिया बैंक की आरसी जारी करने के निर्देश।
ब्यूरो, ऋषिकेश।
______________________
डीएम सविन बंसल ने ऋषिकेश तहसील में जन सुनवाई की, 326 फरियादियों ने अपनी समस्याएं रखीं। अधिकांश शिकायतों का ऑन द स्पॉट समाधान किया गया, शेष के लिए समय सीमा तय की गई। डीएम ने विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि जन समस्याओं को गंभीरता से ले और प्राथमिकता पर उनका समाधान सुनिश्चित करें। जन सुनवाई के दौरान लोगों ने पेयजल, सडक, भूमि विवाद, प्रमाण पत्र निर्गमन, पेंशन, खाता खतौनी, राजस्व संबंधी मुद्दों सहित विभिन्न समस्याएं रखीं।
सोमवार को तहसील ऋषिकेश के प्रांगण में डीएम सविन बंसल ने कहा, “जनता की समस्याओं का समाधान हमारी प्राथमिकता है। सरकार और प्रशासन आमजन की शिकायतों का समयबद्ध और प्रभावी निस्तारण करने के लिए प्रतिबद्ध है।”
इस दौरान ऋषिकेश में डीएम सविन बंसल की जनसुनवाई में जनसैलाब उमड़ पड़ा, रात 7:30 बजे तक मैराथन सुनवाई चली। कई शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण किया गया। समाज कल्याण की शिकायतों के लिए डीएम ने तैनात किया सहायक समाज कल्याण अधिकारी।
ऋषिकेश में प्रतिबंध के बावजूद अवैध रूप से मीट की दुकान संचालित होने तथा बिना लाइसेंस के पशुओ का बध करने की शिकायत पर डीएम ने नगर आयुक्त व एसडीएम ऋषिकेश को फूड सेफ्टी ऑफिसर के साथ टीम बनाकर छापेमारी करते हुए अवैध रूप से संचालित दुकानों पर कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
जन सुनवाई में जोगीवाला के समस्त ग्रामवासियों ने नशामुक्ति केंद्र से हो रही परेशानियां डीएम के सामने रखी। इस पर एसडीएम को जांच करते हुए केंद्र के विरूद्ध सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
गणेश विहार निवासी 80 वर्षीय मनीराम ने डीएम से गुहार लगाई कि उनके बेटे मनमाने ढंग से उन्हें उनकी ही संपत्ति से बेदखल कर रहे हैं। इसके साथ ही बुजुर्ग धर्मराज सिंह पुंडीर व विमला देवी को अपनी भूमि संबंधी मामलों पर भी डीएम ने सचिव विधिक सेवा प्राधिकरण को विधिक सलाह तथा निशुल्क सरकारी वकील उपलब्ध कराने को प्रेषित किया ।
भटोंवाला निवासी व्यथित विधवा अनीता ने डीएम से गुहार लगायी कि उनके पति द्वारा बैंक से ऋण लिया गया था। जिसका बीमा भी कराया था, पति की वर्ष 2024 में मृत्यु हो गई जिस कारण बैंक वाले अल्मोड़ा कोऑपरेटिव बैंक उन सभी के नाम नोटिस भेज रहे हैं। जिसमें 12 वर्षीय नाबालिक बच्चों के नाम में नोटिस भेजा जा रहा है। इसका बच्चों पर मानसिक दुष्प्रभाव पड रहा हैं। उन्होंने डीएम से बीमा का क्लेम दिलाने का अनुरोध किया। डीएम ने बैंक की आरसी जारी करने के निर्देश दिए।
नगर निगम के पार्षदों ने डीएम से शिकायत करते हुए बताया कि यूपीसीएल के आवासों में किराएदार रखें गए है जो खुलेआम बिजली चोरी करते हैं। इसके अलावा निगम क्षेत्र में विद्युत के कई पल जर्जर स्थिति में है जिनको विभाग द्वारा ठीक नहीं कराया जा रहा है। इस पर डीएम ने कमेटी गठित कर जांच के निर्देश दिए है।
फरियादी पंकज गुप्ता ने हीरालाल लाल मार्ग पर सीवर लाइन न होने की समस्या पर पेयजल निगम को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए। रेलवे रोड ऋषिकेश पर कोई भी शौचालय न होने और यहां नगर निगम की खाली भूमि पर महिला शौचालय बनाने की मांग पर निगम को समस्या का समाधान करने को कहा गया। सीमा डेन्टल और गुमानीवाला में खाली भूमि पर निराश्रित गौवंश के लिए गौशाला संचालन हेतु सीवीओ को कार्रवाई करने को कहा।
जिला पंचायत सदस्य दिव्या बेलवाल ने राइका सत्य मित्रानंद हरीपुर कलां में शिक्षकों की कमी, रायवाला मुख्य बाजार में ट्रैफिक लाइट की समस्या और निराश्रित पशुओं के लिए गौशाला न होने की समस्या पर जिलाधिकारी में संबंधित अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। फरियादी अभिषेक चावला ने बताया कि गांव के कुछ लोगों ने सरकारी रास्ता बंद कर दिया है जिससे वह अपने प्लॉट पर मकान नहीं बना पा रहे।
ऋषिकेश नगर निगम में शामिल किए गए 17 ग्रामीण वार्डों में पानी का बिल ज्यादा आने की शिकायत पर डीएम ने अधिशासी अभियंता को जांच कर रिपोर्ट देने को कहा। गड़ी एवं भल्ला फार्म में सिंचाई नहर क्षतिग्रस्त होने की शिकायत अधिशासी अभियंता को आवश्यक कार्रवाई कर अवगत कराने की निर्देश दिए गए। जन सुनवाई में रजिस्ट्री में गडबडी, निजी भूमि पर अतिक्रमण, जमीन धोखाधडी, सीवर लाईन, यूनीपोल, सामाजिक पेंशन आदि मुद्दे छाए रहे
इस दौरान जन सुनवाई के दौरान विधायक प्रेमचन्द्र अग्रवाल, महापौर शंभू पासवान, मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह, सीएमओ डा. एमके शर्मा, एसडीएम योगेश मेहरा, पीडी डीआरडीए विक्रम सिंह, डीडीओ सुनील कुमार, नगर आयुक्त गोपाल राम बिनवाल सहित सभी विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहें।



