सुप्रीम कोर्ट की सख्ती: ऋषिकेश में वन विभाग जमीन की नपाई करने पहुंचा, स्थानीय लोगों ने किया विरोध।
ब्यूरो, ऋषिकेश।
__________________
सुप्रीम कोर्ट की सख्ती के बाद वन विभाग ने ऋषिकेश के शिवाजी नगर, मीरा नगर, बापू ग्राम, मनसा देवी और गुमानीवाला में जमीन की नपाई शुरू करने की कोशिश की, लेकिन स्थानीय लोगों ने इसका जमकर विरोध किया।
शिवाजी नगर में वन विभाग की टीम को घुसने से रोक दिया गया। स्थानीय लोगों ने पुलिस-प्रशासन और वन विभाग के खिलाफ करीब तीन घंटे तक विरोध प्रदर्शन किया। पुलिस ने हल्का बल प्रयोग के बाद टीम को अंदर जाने दिया।
पुलिस-प्रशासन और वन विभाग ने लोगों को सुप्रीम कोर्ट के आदेश का हवाला दिया और आश्वस्त किया कि सिर्फ खाली पड़ी जमीन की नपाई होगी, किसी के घर को नुकसान नहीं पहुंचाया जाएगा। लोगों को पैनिक न होने की बात कही गई।
स्थानीय व्यक्ति ने बताया कि कल भी वन विभाग की टीम बापू नगर में आई थी और आज फिर से नपाई करने पहुंची है। वन विभाग का कहना है कि सुप्रीम कोर्ट के आदेश के तहत बापू ग्राम की 500 एकड़ जमीन पर नापजोप किया जा रहा है।
स्थानीय व्यक्ति का कहना है कि अधिकारियों ने बताया कि खाली पड़ी जमीन (वेकेंट लैंड) की नापजोप की जाएगी, जिसमें 2-3 सौ गज के प्लॉट शामिल हैं। लेकिन स्थानीय लोगों ने इसका विरोध किया, क्योंकि वे यहां तीन पीढ़ियों से रह रहे हैं। लोगों का कहना है कि सरकार की जिम्मेदारी है और इस कार्रवाई से इलाके में डर का माहौल है।
स्थानीय लोग वन विभाग की कार्रवाई का विरोध कर रहे हैं और साफ कह रहे हैं कि वे अहिंसावादी तरीके से इसका विरोध करेंगे। ऋषिकेश मेयर शंभू पासवान ने बताया कि 22 दिसंबर को सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद वन विभाग ने कार्रवाई शुरू की है।
मेयर शंभू पासवान ने बताया कि सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद वन विभाग खाली जमीन पर बोर्ड लगाने की कार्रवाई कर रहा है। इसके लिए एक समिति बनाई गई है, लेकिन लोगों को पहले से कोई नोटिस नहीं मिला, जिससे 1.50 से 2 लाख की आबादी डरी हुई है।



