संघ प्रमुख मोहन भागवत ने किया माधव सेवा विश्राम सदन का लोकार्पण, तीमारदारों को मिलेगी किफायती दामों पर खाने पीने ठहरने की सुविधा

ऋषिकेश। एम्स के रोगियों और तीमारदारों के लिए 120 कमरों का माधव सेवा विश्राम सदन बनकर तैयार हो गया है। जिसके तहत राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ प्रमुख डॉ मोहन भागवत ने आज इसका विधिवत शुभारम्भ कर दिया है। इस मौके पर प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी उपस्थित रहे, जबकि सूबे के तमाम मंत्री एवं सांसदों के साथ संत महात्माओं ने भी कार्यक्रम मे शिरकत की।
बता दें कि देश के छठवें माधव सेवा विश्राम सदन के रूप मे शामिल हुए इस सदन मे एम्स ऋषिकेश के रोगियों और तीमारदारों के लिए यंहा ठरने की व्यवस्था के साथ साथ भोजन भी उपलब्ध कराया जायेगा। 120 कमरों के इस सदन की विशेषता यह है कि मरीज और उनके तिमारदारो को मात्र 55 रूपये से लेकर 300 रूपये तक रूम उपलब्ध कराया जायेगा जबकि भर पेट भोजन 10 से 30 रूपये मे मिल जायेगा। ख़ास बात यह है कि सदन मे आने और ठरने वाले वही रोगी और तिमारदार होंगे जिन्हे एम्स के द्वारा भेजा जायेगा, बाहरी लोगों के लिए सदन मे कोई व्यवस्था नहीं दी जाएगी।
सदन से जुड़े लोगों ने बताया कि सदन को तैयार करने मे लगभग 30 करोड़ की धनराशि लगी है। जिसके तहत 120 कमरों मे कुल 430 बेड लगाए गए हैं,वंही सदन में ठरने वाले लोगों के लिए खेल-कूद,सत्संग घर,मनोरंजन आदि कि गतिविधियों का भी बंदोबस्त किया गया है। बताया कि सदन मे एक व्यक्ति को मात्र दो सप्ताह तक ही रुकने की अनुमति प्रदान होगी।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मोहन भागवत ने कहा इस विश्रम सदन के निर्माण होने से एम्स में आने वाले मरीजों के तीमारदारों को बहुत ज्यादा सुख सुविधाएं सस्ती दरों पर मिलेगी। इसके लिए भाऊराव देवरस सेवा न्यास संगठन की जितनी भी तारीफ की जाए वह कम है। न्यास इसी प्रकार से अपनी सेवाएं और ज्यादा बेहतर करता रहे संचालकों को इसकी शुभकामनाएं हैं।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सदन के निर्माण और मरीजों के तीमारदारों की मदद के लिए बने सदन की शुभकामनाएं संचालकों को दी। उन्होंने कहा सरकार प्रत्येक व्यक्ति की मदद के लिए साथ खड़ी है। एम्स में आने वाले मरीजों के इलाज के दौरान कितनी दिक्कतों का सामना तीमारदारों को करना पड़ता है। यह किसी से छिपा नहीं है। जिसमें उनका धन और समय दोनों बर्बाद होते हैं। इस विश्राम सदन के निर्माण होने से उनको सहूलियत मिलेगी।
संघ प्रमुख डॉक्टर मोहन भागवत ने कहा भाऊराव देवरस सेवा न्यास के द्वारा माधव सेवा विश्राम सदन को बनाकर अब जरूरतमंदों को समर्पित कर दिया है। उन्होंने कहा जिस तरह से भाऊ राव देवरस सेवा न्यास के द्वारा कार्य किया जा रहा है। वह सभी के लिए प्रेरणादाई साबित होगी। उन्होंने कहा इस तरह का कार्य ही सच्ची सेवा और समर्पण भाव को दर्शाती है।