August 11, 2026

स्टाफ क्लब के भव्य समारोह में प्राचार्य प्रो. प्रणीता नंद को दी भावभीनी विदाई

0
IMG-20260620-WA0029

ब्यूरो,

नरेंद्रनगर। उत्तराखंड लोक सेवकों की वार्षिक स्थानांतरण नीति के तहत राजकीय महाविद्यालय नरेंद्रनगर की प्राचार्य प्रो. प्रणीता नंद के स्थानांतरण पर स्टाफ क्लब द्वारा एक भव्य विदाई समारोह आयोजित किया गया। समारोह में महाविद्यालय परिवार ने उन्हें सम्मानपूर्वक विदाई देते हुए उनके योगदान को सराहा।

प्रो. प्रणीता नंद का स्थानांतरण राजकीय महाविद्यालय पतलोट, नैनीताल में हुआ है, जहां वह कार्यभार ग्रहण कर चुकी हैं। आवश्यक प्रशासनिक कार्यों एवं कार्यभार हस्तांतरण के लिए नरेंद्रनगर महाविद्यालय पहुंचने पर स्टाफ क्लब ने उनका स्वागत एवं सम्मान किया। इस अवसर पर उन्हें फूल-मालाएं, सम्मान पत्र, प्लांटर, उत्तराखंडी टोपी, शॉल, स्मृति चिन्ह तथा उपहार भेंट कर सम्मानित किया गया। विदाई सम्मान पत्र का वाचन डॉ. जितेंद्र नौटियाल ने किया।

समारोह में राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय कर्णप्रयाग एवं डोईवाला कॉलेज से स्थानांतरित होकर आए सहायक प्रोफेसर डॉ. हरिश्चंद्र रतूड़ी तथा प्रयोगशाला सहायक मनोज कुमार भूषण का भी स्मृति चिन्ह एवं गुलाब की टहनी भेंट कर स्वागत किया गया।
अपने संबोधन में प्रो. प्रणीता नंद ने कहा कि लोक सेवकों का दायित्व है कि वे शासन के आदेशों का निष्ठापूर्वक पालन करें। उन्होंने महाविद्यालय का प्रभार वरिष्ठ प्राध्यापक डॉ. विजय सिंह नेगी को सौंपा। इस अवसर पर स्टाफ क्लब की ओर से डॉ. नेगी का भी फूल-मालाओं से स्वागत किया गया।

प्रभारी प्राचार्य का दायित्व संभालने के बाद डॉ. विजय सिंह नेगी ने सभी शिक्षकों एवं कर्मचारियों से सहयोग की अपेक्षा करते हुए महाविद्यालय के विकास कार्यों में सक्रिय सहभागिता का आह्वान किया।
समारोह में स्टाफ क्लब के अध्यक्ष डॉ. संजय महर, उपाध्यक्ष सुशील कुमार कडियाल, सचिव डॉ. विक्रम सिंह बर्त्वाल, सहसचिव डॉ. जितेंद्र नौटियाल, कोषाध्यक्ष गणेश चंद्र पांडे, सलाहकार देवेंद्र कुमार, सदस्य डॉ. मनोज फोंदणी, अनूप नेगी, अजय पुंडीर सहित महाविद्यालय के समस्त कार्मिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन डॉ. विक्रम सिंह बर्त्वाल ने किया, जबकि छायांकन का दायित्व विशाल त्यागी ने निभाया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *