September 18, 2026

सब्जी मंडी में गंदगी और अव्यवस्थाओं पर भड़के अग्रवाल, अधिकारियों को लगाई फटकार

0
IMG-20260918-WA0028

औचक निरीक्षण में व्यापारियों ने खोली व्यवस्थाओं की पोल, 15 साल से एक ही जगह तैनात मंडी निरीक्षक की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल
ऋषिकेश। ऋषिकेश सब्जी मंडी में शुक्रवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब विधायक प्रेमचंद अग्रवाल ने मंडी का औचक निरीक्षण किया। मंडी परिसर में जगह-जगह फैली गंदगी और अव्यवस्थाओं को देखकर विधायक ने नाराजगी जताई। मौके पर मौजूद मंडी सचिव पीआर कालाकोटि को साफ-सफाई व्यवस्था तत्काल दुरुस्त करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान मंडी समिति के व्यापारियों ने विधायक के सामने समस्याओं का पिटारा खोल दिया। व्यापारियों ने आरोप लगाया कि मंडी में दुकानों का आवंटन नियमानुसार नहीं हुआ है। इसके अलावा मंडी निरीक्षक हिमांशु रावत के करीब 15 वर्षों से एक ही स्थान पर तैनात रहने का मुद्दा भी उठाया। व्यापारियों ने उनकी कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करते हुए आरोप लगाया कि संबंधित कर्मचारी द्वारा नियमानुसार कार्य नहीं किया जाता और व्यापारियों के साथ दुर्व्यवहार किया जाता है।

 

व्यापारियों ने मंडी परिसर में रात्रि के समय पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था नहीं होने की समस्या भी विधायक के समक्ष रखी। उनका कहना था कि रात में मंडी परिसर में अंधेरा रहने से व्यापारियों और वहां आने वाले लोगों को परेशानी उठानी पड़ती है।
व्यापारियों की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए विधायक प्रेमचंद अग्रवाल ने मंडी परिषद उत्तराखंड के अध्यक्ष अनिल कपूर से फोन पर वार्ता की। साथ ही कृषि मंत्री गणेश जोशी से भी मंडी की व्यवस्थाओं और व्यापारियों की समस्याओं के समाधान को लेकर चर्चा की।

अग्रवाल ने कहा कि मंडी परिसर में स्वच्छता और प्रकाश व्यवस्था बेहतर होना जरूरी है। व्यापारियों से जुड़ी समस्याओं का भी नियमानुसार समाधान किया जाना चाहिए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से समस्याओं के शीघ्र निराकरण की अपेक्षा जताई।
इस दौरान मंडी समिति अध्यक्ष कुलदीप शर्मा, उपाध्यक्ष विनोद जायसवाल, बृजेश कुमार, राहुल जायसवाल, कपिल जायसवाल, अनिल खुराना, विपिन कुकरेती, शिवकुमार गौतम सहित अन्य व्यापारी और लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *