May 12, 2026

एम्स के तीमारदारों को ठरहने-खाने के लिए भटकना नहीं पड़ेगा,भाऊराव देवरस न्यास का तोहफा,कल करेंगे मोहन भागवत इसका लोकार्पण

0
20240701_135732

ऋषिकेश। एम्स में उपचार के लिए पहुंचने वाले मरीजों के तीमारदारों को अब ठरहने-खाने की व्यवस्था के लिए भटकना नहीं पड़ेगा। भाऊराव देवरस सेवा न्यास ने एम्स के समीप वीरभद्र मार्ग पर माधव सेवा विश्राम सदन का निर्माण किया है। इस चार मंजिला भवन की डोरमेटरियों में 430 लोगों के ठहरने की व्यवस्था है। भवन का लोकार्पण तीन जुलाई को किया जाएगा।

सोमवार को प्रेस वार्ता में माधव सेवा सदन के अध्यक्ष ने बताया कि एम्स के समीप वीरभद्र मार्ग पर 12 जून 2022 को विश्राम सदन का निर्माण कार्य शुरू किया गया था। इस चार मंजिला भवन में एम्स के मरीजों के तीमारदारों को ठहराया जाएगा। उनके लिए यहां किफायती दरों पर सभी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध होंगी। भवन का लोकार्पण तीन जुलाई को राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघ चालक डॉ. मोहन भागवत करेंगे। लोकार्पण समारोह की तैयारियां न्यास ने पूर्ण कर ली हैं। समारोह में करीब 1,700 लोग प्रतिभाग करेंगे।

उन्होंने बताया कि दो वर्ष के भीतर यह विश्राम सदन बनकर तैयार हुआ है। 1.40 लाख स्क्वायर फीट भूमि पर इस प्रोजेक्ट में 30 करोड़ की लागत आई है। इसमें करीब 150 दानदाताओं ने अपना सहयोग किया है। यहां 120 कमरे हैं। 430 लोग विश्राम सदन में रह सकते हैं। 8 बेड की डॉरमेट्री में 55 और चार बेड की डॉरमेट्री में 75 रुपये देकर एक दिन के लिए रुका जा सकता है। कमरे का किराया न्यूनतम 420 रुपया निर्धारित किया गया है।

उन्होंने कहा कि इस कार्य के माध्यम से हम निश्चित रूप से समाज सेवा का आदर्श प्रस्तुत कर रहे हैं. इसके भीतर सत्संग भवन, वाचनालय, मनोरंजन कक्ष, बच्चों के लिए खेलने की सुविधा उपलब्ध है। देश के पांच अन्य स्थानों पर इसी तरह के विश्राम सदनों का संचालन न्यास कर रहा है।

न्यास के अध्यक्ष ने बताया कि एम्स ऋषिकेश में आने वाले मरीज जो कई दिन तक यहां रुकते हैं और उन्हें आवास की महंगी सुविधा मिलती है, उन सभी को एम्स ऋषिकेश की संस्तुति के पश्चात ही यहां रुकने की व्यवस्था की जाएगी। अधिकतम 14 दिन तक यहां रुका जा सकता है। विश्राम सदन के भीतर 30 रुपये थाली भोजन और 10 रुपए में नाश्ता उपलब्ध होगा। इस प्रोजेक्ट में समाज का पैसा समाज के काम आ रहा है। देश के सभी क्षेत्रों से इस सेवा के लिए सहयोग मिला है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *