श्री मां अध्याकाळी माता मंदिर का 10वां वार्षिकोत्सव, कोलकाता मंडली ने बांधा समां
ब्यूरो,ऋषिकेश।
_____________________
तिलक रोड स्थित श्री मां अध्याकाळी माता मंदिर में दक्षिणश्वर राम कृष्ण संघ की ओर से 10वां वार्षिक उत्सव बड़े धूमधाम और श्रद्धा के साथ मनाया गया। तीन दिवसीय इस महोत्सव में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी और पूरा मंदिर परिसर भक्तिमय माहौल में डूबा रहा।
बृहस्पतिवार को कार्यक्रम के मुख्य अतिथि के रूप में मेयर शम्भू पासवान मौजूद रहे। महोत्सव के दौरान प्रतिदिन सुबह मां काली की विधिवत पूजा-अर्चना की गई, जबकि शाम को सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। विशेष रूप से कोलकाता से आई श्यामा संगीत मंडली ने भजन संध्या की मनमोहक प्रस्तुति देकर श्रद्धालुओं को भाव-विभोर कर दिया।
मंदिर के महंत साधु शंभू भाई ने बताया कि हर वर्ष की तरह इस बार भी वार्षिक उत्सव तीन दिनों तक आयोजित किया गया है। उन्होंने कहा कि मां काली की उपासना कोलकाता की ऐतिहासिक परंपरा से जुड़ी है, जिसे उनकी संस्था की ओर से निरंतर आगे बढ़ाया जा रहा है।
इस अवसर पर मुनमुन भाई, सुष्मिता, सुमेंदरु, शुभम, हिमांगी, वेदिता, तेज चौधरी, अरुण सहित कई श्रद्धालु उपस्थित रहें।



