May 13, 2026

नवरात्रि महोत्सव: त्रिपुरा सुंदरी आश्रम में त्रयोदश ज्योतिर्लिंग दर्शन का लाभ

0
VideoCapture_20260318-212612

ब्यूरो, ऋषिकेश।

__________________

ऋषिकेश के मणिकूट पर्वत स्थित मां त्रिपुरा सुंदरी शिव शक्ति धाम आश्रम में चैत्र नवरात्रि के पावन अवसर पर विशेष धार्मिक आयोजनों का भव्य क्रम जारी है।

श्री श्री 1008 हरिओम महाराज के सानिध्य में यहां विशेष यज्ञ, अनुष्ठान और पूजा-अर्चना का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें दूर-दूर से श्रद्धालु बड़ी संख्या में पहुंच रहे हैं।

महाराज जी ने जानकारी देते हुए बताया कि 19 से 27 मार्च तक का समय अत्यंत शुभ और दुर्लभ योग का संयोग है। इस दौरान 27 नक्षत्रों और नवरात्रि तिथियों का विशेष मेल भक्तों की मनोकामनाओं की पूर्ति करने वाला माना गया है।

आश्रम में 11 कुण्डीय यज्ञ लगातार संचालित हो रहा है, जहां श्रद्धालु स्वयं आहुति देकर पुण्य लाभ अर्जित कर रहे हैं। मुख्य यज्ञशाला में भक्तों के लिए विशेष व्यवस्थाएं भी की गई हैं।

महाराज जी ने बताया कि इस पावन धाम में पहले ही त्रयोदश ज्योतिर्लिंग स्थापित किए जा चुके हैं, जिनका जलाभिषेक मणिकूट पर्वत के औषधीय जल से किया जाता है। यह जल भक्तों को प्रसाद के रूप में वितरित किया जाता है।

उन्होंने यह भी बताया कि जो श्रद्धालु देशभर के 12 ज्योतिर्लिंगों के दर्शन नहीं कर पाते, वे यहां त्रयोदश ज्योतिर्लिंग के दर्शन कर उसी पुण्य का लाभ प्राप्त कर सकते हैं।

महाराज जी ने सभी श्रद्धालुओं से 27 मार्च को होने वाली पूर्णाहुति में शामिल होने की अपील की है और इस दिव्य अवसर का लाभ उठाने का आग्रह किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *