नैनीताल हाईकोर्ट के आदेश पर कैलाशानंद मिशन ट्रस्ट ने सौंपे दस्तावेज, बीकेेटीसी को हस्तांतरण प्रक्रिया संपन्न।
कैलाशानंद मिशन ट्रस्ट के दस्तावेज मंदिर समिति को हस्तांतरित।
उच्च न्यायालय के निर्देश पर बीकेटीसी ने संभाली व्यवस्थाएं, पारदर्शिता पर जोर।
ब्यूरो,ऋषिकेश।
___________________
नैनीताल उच्च न्यायालय के 7 नवंबर के आदेश के अनुपालन में कैलाशानंद मिशन ट्रस्ट ने प्रबंधन से संबंधित आवश्यक दस्तावेज, रजिस्टर व अभिलेखों का औपचारिक हस्तांतरण श्री बदरीनाथ–केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) को कर दिया। पुलिस व प्रशासन की मौजूदगी में यह प्रक्रिया छह से आठ घंटे चली। अब बीकेटीसी बतौर रिसीवर ट्रस्ट की सभी व्यवस्थाओं और प्रबंधन का संचालन करेगी।
बीकेटीसी अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने बताया कि समिति ने न्यायालय की अपेक्षाओं के अनुरूप त्वरित कार्यवाही करते हुए ट्रस्ट की व्यवस्थाओं को संभाल लिया है। उन्होंने कहा कि आगामी धार्मिक व प्रशासनिक कार्यों में पारदर्शिता सुनिश्चित की जाएगी।
इस उद्देश्य से मंदिर समिति ने अपने छह अधिकारियों एवं कर्मचारियों को ट्रस्ट में तैनात कर दिया है। लक्ष्मणझूला स्थित श्री त्र्यंबकेश्वर मंदिर कार्यालय में मुख्य कार्याधिकारी/कार्यपालक मजिस्ट्रेट विजय प्रसाद थपलियाल की उपस्थिति में पहली चरण की दस्तावेज हस्तांतरण प्रक्रिया संपन्न हुई।
इस दौरान संपत्ति लेखा, वित्तीय दस्तावेज, कर्मचारियों से संबंधित रजिस्टर, मंदिर विश्राम गृह, गौशाला, औषधालय सहित अन्य आवश्यक अभिलेख बीकेटीसी को सौंपे गए।
ट्रस्ट की ओर से प्रशासनिक अधिकारी बर्थ्वाल ने दस्तावेज सौंपने की पुष्टि करते हुए जानकारी निवर्तमान रिसीवर एडवोकेट राजेश पैन्यूली को दी। पैन्यूली ने बताया कि शेष दस्तावेज 7 दिसंबर तक मंदिर समिति को हस्तांतरित कर दिए जाएंगे।
मुख्य कार्याधिकारी विजय प्रसाद थपलियाल ने बताया कि दस्तावेजों की परीक्षण प्रक्रिया पूरी करते ही उच्च न्यायालय को औपचारिक सूचना भेजी जाएगी। उन्होंने कहा कि बीकेटीसी श्रद्धालुओं की सुविधा और सुचारू संचालन के लिए प्रतिबद्ध है।
इस दौरान बीकेटीसी विधि अधिकारी एसएस बर्त्वाल, मुख्य प्रशासनिक अधिकारी राजन नैथानी, प्रभारी अधिकारी विपिन तिवारी, मीडिया प्रभारी डा. हरीश गौड़ सहित पुलिस व प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहें।



