उत्तराखंड महिला आयोग अध्यक्ष कुसुम कण्डवाल ने किया ‘सखी वन स्टॉप सेंटर’ का निरीक्षण
ब्यूरो,देहरादून।
__________________
उत्तराखंड राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष कुसुम कण्डवाल ने सोमवार को सर्वे चौक स्थित ‘सखी वन स्टॉप सेंटर’ का विस्तृत निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने कार्यप्रणाली, बुनियादी ढांचा, भोजन, स्वच्छता और महिलाओं के लिए रहने की व्यवस्था की समीक्षा की। अध्यक्ष ने सेंटर में आश्रय ले रही 4 महिलाओं से व्यक्तिगत रूप से बातचीत कर सुविधाओं का फीडबैक लिया।
कॉल रिकॉर्ड्स, काउंसलिंग विवरण और रजिस्टर भी जांचे। काउंसलर और स्टाफ से लंबित मामलों पर चर्चा की गई।
‘संकट में भरोसे और न्याय का केंद्र है सखी सेंटर’
कुसुम कण्डवाल ने कहा, _”सखी वन स्टॉप सेंटर केवल आश्रय स्थल नहीं, बल्कि संकट की घड़ी में महिलाओं के लिए भरोसे और न्याय का केंद्र है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी महिला सुरक्षा को लेकर संवेदनशील हैं। हमारा संकल्प है कि देवभूमि की किसी भी पीड़ित महिला को जानकारी के अभाव में न्याय के लिए न भटकना पड़े।”_
उन्होंने स्टाफ को पीड़ित महिलाओं से मृदु और सहानुभूतिपूर्ण व्यवहार और काउंसलिंग को प्रभावी बनाने के निर्देश दिए। साथ ही हर पीड़िता को विधिक सहायता की जानकारी स्पष्ट रूप से देने को कहा।
केंद्र प्रशासिका माया नेगी ने बताया कि अप्रैल में 78 केस पंजीकृत हुए, जिनमें से कुछ का निस्तारण हो चुका है। 1 मई से अब तक 29 नए केस आए हैं, जिनकी काउंसलिंग चल रही है।
निरीक्षण के दौरान काउंसलर मीनाक्षी पुंडीर, आईटी वर्कर कोमल भट्ट सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।



