May 12, 2026

ऋषिकेश: युवती का अधजला शव बरामद, आत्महत्या के लिए उकसाने वाला आरोपी हुआ गिरफ्तार

0
1200-675-20283153-thumbnail-16x9-cc-1024x576

ऋषिकेश।  12 दिन से लापता युवती का अधजला शव जंगल से बरामद किया गया, आत्महत्या के लिए उकसाने वाला आरोपित भी हुआ गिरफ्तार।

मुनिकीरेती थाना के ढालवाला क्षेत्र से 12 दिन से लापता युवती का शव देहरादून मार्ग के जंगलात चौकी के आगे 200 मीटर घने जंगलों में अधजली हालत में बरामद हुआ है। अब तक की पुलिस जांच में पता चला कि युवती का एक युवक से प्रेम प्रसंग था। शादी के लिए मना करने पर युवती ने आत्महत्या की है।

घटना से जुड़े साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने युवक के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मुकदमा दर्ज कर लिया है।

मुनिकीरेती थाना में ढालवाला निवासी विनीता भंडारी (21 वर्ष) पुत्री महावीर सिंह भंडारी बीती चार दिसंबर को घर से बिना बताए निकली थी। जिसके बाद वह घर नहीं लौटी। परिजनों ने गुमशुदगी के संबंध में रिपोर्ट दर्ज कराई थी।

पुलिस ने विनीता भंडारी की मोबाइल की कॉल डिटेल निकाली, जिस पर एक व्यक्ति के साथ विनीता भंडारी ने चार दिसंबर की दोपहर में आखरी बार बात की थी।

इसके बाद पुलिस टीम लगातार उसकी खोजबीन में जुटी हुई थी। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस को विनीता भंडारी नटराज चौक से देहरादून मार्ग की ओर अकेली जाती नजर आई। जिसके बाद पुलिस देहरादून मार्ग पर उसकी खोजबीन के लिए काबिंग चला रही थी।

शनिवार की दोपहर देहरादून मार्ग पर सौ फूटी रोड के समीप करीब 200 मीटर दूर जंगल में एक युवती का अधजला शव बरामद हुआ। जिसकी शिनाख्त ढालवाला निवासी विनीता भंडारी के रूप में की गई। मौके पर फॉरेंसिक टीम ने साक्ष्यों को जुटाए तथा पुलिस ने शव का पंचनामा भर पोस्टमार्टम कराने के लिए देहरादून अस्पताल भेज दिया।

थाना प्रभारी निरीक्षक मुनिकीरेती रितेश शाह ने बताया कि विवेचना के दौरान पता चला कि विनीता भंडारी का अर्जुन रावत पुत्र लाखीराम रावत निवासी गुमानीवाला के साथ लंबे समय से प्रेम प्रसंग था।

जताया जा रहा है कि विवाह करने से इंकार करने के कारण, विनीता भंडारी ने आत्महत्या की होगी। उन्होंने बताया कि इस मामले में पुलिस ने हत्या के पहलू को लेकर भी गहनता से जांच की।
जांच में आरोपित अर्जुन रावत के खिलाफ मृतका विनीता को आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपित को न्यायालय में पेश किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *