June 8, 2026

वीकेंड पर गंगा तटों पर उमड़ी भीड़, एसआरएफ अलर्ट

0
IMG-20260607-WA0093

ब्यूरो, ऋषिकेश।

____________________

वीकेंड के अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों के आगमन को देखते हुए गंगा तटों पर विशेष सतर्कता बरती जा रही है। श्रद्धालुओं की सुरक्षा के दृष्टिगत एसडीआरएफ, आपदा राहत दल, जल पुलिस तथा अन्य संबंधित एजेंसियों की वाटर रेस्क्यू टीमें विभिन्न घाटों एवं संवेदनशील स्थलों पर सक्रिय रूप से तैनात हैं।

बढ़ती भीड़ को देखते हुए सभी सुरक्षा एवं रेस्क्यू कर्मियों द्वारा पर्यटकों एवं श्रद्धालुओं से लगातार अपील की जा रही है कि गंगा नदी का जलस्तर किसी भी समय अचानक बढ़ सकता है। सभी लोग केवल किनारे पर रहकर ही स्नान करें तथा अपनी जान को जोखिम में डालने से बचें।

सभी श्रद्धालुओं से अनुरोध किया गया है कि वे प्रतिबंधित घाटों एवं असुरक्षित स्थानों पर जाने से बचें तथा केवल उन्हीं घाटों पर स्नान करें जहां सुरक्षा कर्मी एवं रेस्क्यू टीमें तैनात हैं।

वाटर रेस्क्यू टीमों द्वारा माइक एवं सार्वजनिक उद्घोषणा प्रणाली के माध्यम से लगातार जागरूकता संदेश प्रसारित किए जा रहे हैं। श्रद्धालुओं को बताया जा रहा है कि गंगा का जलस्तर समय-समय पर घटता-बढ़ता रहता है, इसलिए किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतें। सुरक्षित दूरी बनाए रखें, किनारे पर ही आस्था की डुबकी लगाएं तथा स्नान के उपरांत अपने गंतव्य की ओर प्रस्थान करें।

सुरक्षा एजेंसियों ने सभी श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों से सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि वे सुरक्षा संबंधी निर्देशों का पालन करें तथा किसी भी आपात स्थिति में तत्काल निकटतम सुरक्षा कर्मी अथवा रेस्क्यू टीम को सूचना दें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *