पशुलोक बैराज से तीन शव बरामद
संपादक,
पशुलोक बैराज से तीन शव बरामद
ऋषिकेश। गंगा नदी में अलग-अलग स्थानों पर डूबे तीन व्यक्तियों के शव राज्य आपदा प्रतिवादन बल (एसडीआरएफ) ने पशुलोक बैराज से बरामद किए हैं। एसडीआरएफ की टीम पूर्व में डूबे व्यक्तियों की तलाश में लगातार सघन सर्च एवं रेस्क्यू अभियान चला रही थी।
एसडीआरएफ के अनुसार, विशेषज्ञ डीप डाइवर्स एवं आधुनिक उपकरणों की सहायता से चलाए जा रहे अभियान के दौरान पशुलोक बैराज के चैनल में तीन शव दिखाई दिए। टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए चैन मशीन की मदद से शवों को बाहर निकाला और शिनाख्त के लिए परिजनों को बुलाया। पहचान होने के बाद शवों को आवश्यक कार्रवाई हेतु स्थानीय पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया।
बरामद शवों की पहचान शैलेंद्र महावर (30 वर्ष) निवासी ग्वालियर, मध्य प्रदेश, शौर्य नागर (20 वर्ष) निवासी बिसरख जलालपुर, गौतम बुद्ध नगर, उत्तर प्रदेश तथा मनीष आर्य निवासी जय विहार, नांगली, उत्तम नगर, दिल्ली के रूप में हुई। शैलेंद्र महावर फूलचट्टी के समीप, शौर्य नागर तपोवन स्थित साईं घाट पर तथा मनीष आर्य चंद्रेश्वर घाट क्षेत्र में गंगा में डूब गए थे।
स्थानीय पुलिस ने कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
- Sdrf टीम ने लोगो से की अपील
सुरक्षित घाटों पर ही करें स्नान : एसडीआरएफ
एसडीआरएफ ने श्रद्धालुओं, पर्यटकों एवं स्थानीय नागरिकों से केवल चिन्हित और सुरक्षित घाटों पर ही स्नान करने की अपील की है। विभाग ने कहा कि गंगा नदी का जलस्तर और बहाव अचानक बढ़ सकता है, जिससे दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। लोगों से प्रशासन द्वारा जारी सुरक्षा निर्देशों का पालन करने तथा बच्चों पर विशेष निगरानी रखने का आग्रह किया गया है।



