May 18, 2026

ऋषिकेश में 3 जून को उत्तराखंड का पहला मेयर सम्मेलन, 85 मेयर करेंगे शिरकत, शहरी विकास पर मंथन

0
VideoCapture_20260519-002515

ब्यूरो, ऋषिकेश।

___________________

तीर्थनगरी ऋषिकेश में 3 जून को उत्तराखंड का पहला मेयर सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। देशभर से लगभग 85 मेयर इस सम्मेलन में प्रतिभाग करेंगे। राज्य में शहरी विकास के क्षेत्र में यह पहली बड़ी पहल मानी जा रही है।

शहरी विकास पर साझा मंथन

सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य शहरी विकास कार्यों पर विस्तार से चर्चा करना और विभिन्न नगर निकायों के अनुभवों को साझा करना है। नगर व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के लिए साझा रणनीति तैयार करने पर जोर रहेगा। नगर निकायों के बीच समन्वय और बेहतर कार्यप्रणाली को बढ़ावा देने की उम्मीद जताई गई है।

कई केंद्रीय और राज्य स्तरीय मंत्री होंगे मौजूद

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर, राज्य के शहरी विकास मंत्री राम सिंह कैड़ा, सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत और कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल सहित कई गणमान्य अतिथि शामिल होंगे।

सीधा संवाद और सुझावों पर चर्चा

सम्मेलन के दौरान विभिन्न राज्यों से आए मेयर के साथ मुख्यमंत्री का सीधा संवाद भी आयोजित किया जाएगा। इसमें नगर विकास से जुड़ी चुनौतियों, स्थानीय समस्याओं और समाधान पर खुलकर बात होगी।

उत्तराखंड की संस्कृति से रूबरू होंगे मेयर

मेयर शम्भू पासवान ने बताया कि सभी अतिथियों को ऋषिकेश की धार्मिक और ऐतिहासिक महत्ता से अवगत कराया जाएगा। सम्मेलन के दूसरे सत्र में अतिथियों को त्रिवेणी घाट की भव्य गंगा आरती के दर्शन कराए जाएंगे। इसके साथ ही गढ़वाल की पारंपरिक सांस्कृतिक प्रस्तुतियों की झलक भी मेहमानों को देखने को मिलेगी।

राज्य सरकार इसे शहरी विकास के लिए अनुभव साझा करने और नीति निर्माण का अहम मंच मान रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *