May 18, 2026

संदिग्ध हालात में उज्जैन एक्सप्रेस के डिब्बे पटरी से उतरे, बड़ा हादसा टला

0
20260518_235839

ब्यूरो, ऋषिकेश।

_____________________

योग नगरी रेलवे स्टेशन के समीप खांड गांव क्षेत्र में सोमवार रात करीब 9:30 बजे उज्जैन एक्सप्रेस संदिग्ध परिस्थितियों में दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में ट्रेन के तीन डिब्बे पटरी से उतरकर क्षतिग्रस्त हो गए। गनीमत रही कि उस समय ट्रेन में कोई यात्री सवार नहीं था, जिससे बड़ा हादसा टल गया।

रेलवे विभाग के अनुसार, ट्रेन को मेंटेनेंस के लिए खड़ा किया गया था। इसी दौरान ब्रेक में तकनीकी खराबी आने के कारण यह घटना हुई। हालांकि, पूरे मामले को संदिग्ध माना जा रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि ट्रेन को केवल शंटिंग या सेटिंग के लिए ले जाया जा रहा था, तो सामान्यतः केवल इंजन का इस्तेमाल किया जाता है, जबकि यहां पूरी ट्रेन बोगियों सहित मूव कर रही थी।

हादसे के समय ट्रेन में लोको पायलट की स्थिति को लेकर भी स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आ पाई है, जिससे कई सवाल खड़े हो रहे हैं। वहीं रेलवे विभाग की गंभीरता पर भी सवाल उठ रहे हैं, क्योंकि घटना के करीब ढाई घंटे बाद तक कोई भी वरिष्ठ अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा।

घटना के बाद मौके पर बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जुट गई। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए जीआरपी (रेलवे पुलिस) के जवानों को काफी मशक्कत करनी पड़ी और लोगों को ट्रैक से हटाया गया।

फिलहाल रेलवे विभाग द्वारा मामले की जांच की बात कही जा रही है, लेकिन घटना के संदिग्ध पहलुओं को देखते हुए उच्चस्तरीय जांच की मांग उठने लगी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *