भट्टोंवाला फायरिंग कांड के आरोपियों पर 15-15 हजार रुपये का इनाम घोषित
ब्यूरो, ऋषिकेश।
__________________
श्यामपुर कोतवाली क्षेत्र के भट्टोंवाला में 4 जून 2026 को हुई फायरिंग की घटना के बाद पुलिस ने आरोपियों की तलाश तेज कर दी है। घटना के उपरांत ऋषिकेश-देहरादून मार्ग से सटे जंगल क्षेत्र में कुछ संदिग्ध व्यक्तियों के देखे जाने की सूचना मिलने पर पुलिस द्वारा व्यापक कॉम्बिंग अभियान चलाया गया।
अपराधियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस टीमों को लगातार सर्च ऑपरेशन में लगाया गया है। पुलिस जंगलों और संभावित ठिकानों पर गहन तलाशी अभियान चला रही है।
इसी क्रम में फरार अभियुक्तों की शीघ्र गिरफ्तारी के उद्देश्य से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने दोनों आरोपियों पर 15-15 हजार रुपये का नगद इनाम घोषित किया है। इस संबंध में सभी थाना प्रभारियों एवं संबंधित इकाइयों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं।
पुलिस ने आमजन से अपील की है कि यदि किसी व्यक्ति को इन आरोपियों के संबंध में कोई जानकारी प्राप्त होती है तो तत्काल पुलिस को सूचित करें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखी जाएगी। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं और जल्द ही उन्हें कानून के शिकंजे में लिया जाएगा।



