वीकेंड पर योगनगरी की यातायात व्यवस्था चरमराई,रेंगते रहें वाहन
ब्यूरो, ऋषिकेश।
_________________
वीकेंड पर योगनगरी की यातायात व्यवस्था पूरी तरह चरमराई नजर आई। शहर की मुख्य सड़कों से लेकर अंदरूनी गलियों तक वाहनों की लंबी कतारें लगी रहीं। तेज धूप और भीषण गर्मी के बीच जाम में फंसे स्थानीय लोग, यात्री और पर्यटक घंटों परेशान होते रहे, लेकिन यातायात व्यवस्था संभालने के लिए पुलिसकर्मी दूर-दूर तक दिखाई नहीं दिए।
शहर के प्रमुख मार्गों पर वाहनों का दबाव बढ़ने से स्थिति लगातार बिगड़ती गई। जाम का असर बाजार क्षेत्रों के साथ-साथ संपर्क मार्गों और आवासीय इलाकों तक देखने को मिला। वाहन रेंग-रेंग कर आगे बढ़ते रहे, जिससे लोगों को अपने गंतव्य तक पहुंचने में काफी देर हुई। कई पर्यटकों ने भी अव्यवस्थित यातायात व्यवस्था पर नाराजगी जताई।
स्थानीय लोगों का कहना है कि वीकेंड पर पर्यटकों की संख्या बढ़ने के बावजूद यातायात प्रबंधन के पर्याप्त इंतजाम नहीं किए जाते। चौराहों और संवेदनशील स्थानों पर यातायात पुलिस की तैनाती नहीं होने से जाम की समस्या और गंभीर हो जाती है। भीषण गर्मी में छोटे बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को सबसे अधिक परेशानी का सामना करना पड़ा।



