कौड़ियाला में गंगा में डूबा गाजियाबाद का पर्यटक, SDRF का सर्च ऑपरेशन जारी
ब्यूरो, ऋषिकेश।
____________________
गंगा में स्नान करने उतरे गाजियाबाद के एक पर्यटक की तेज धारा में बहकर डूबने से मौत हो गई। हादसा शनिवार शाम कौड़ियाला में हुआ। सूचना मिलते ही SDRF की टीम ने राफ्ट के जरिए देर रात तक सर्च किया।
SDRF के अनुसार शाम करीब 6 बजे सूचना मिली कि कौड़ियाला स्थित एक होटल के सामने गंगा में नहाते समय एक व्यक्ति बह गया। परिजनों ने बताया कि आशीष जैन, 40 वर्ष, निवासी इंदिरापुरम गाजियाबाद UP, परिवार के साथ पर्यटन पर आए थे। स्नान के दौरान पैर फिसलने से उनका संतुलन बिगड़ा और तेज लहरें उन्हें बहाकर ले गईं। थोड़ी दूर तक वो दिखे फिर पानी में ओझल हो गए।
मौके पर SDRF टीम ढालवाला पहले से देवप्रयाग हादसे में लापता लोगों की तलाश कर रही थी। सूचना मिलते ही टीम तुरंत कौड़ियाला पहुंची। राफ्ट और गोताखोरों की मदद से टीम ने कई किलोमीटर तक गहन सर्च किया, लेकिन देर शाम तक आशीष का कोई सुराग नहीं मिला। लेकिन रविवार सुबह से सर्च अभियान चलाया जा रहा है।
SDRF ने सभी श्रद्धालुओं-पर्यटकों से अपील की है कि गंगा में बिना स्थानीय जानकारी स्नान न करें। गंगा का जलस्तर और बहाव अचानक बदल जाता है। सिर्फ चिन्हित और सुरक्षित घाटों पर ही स्नान करें। प्रशासन के दिशा-निर्देशों का पालन करना अपनी और परिवार की सुरक्षा के लिए जरूरी है।
चारधाम यात्रा सीजन में कौड़ियाला-ऋषिकेश राफ्टिंग पॉइंट पर हर साल ऐसे हादसे होते हैं। प्रशासन ने होटल संचालकों को भी अलर्ट रहने को कहा है।



