ब्रेक फेल से पलटी चारधाम बस, तोताघाटी में बड़ा हादसा टला; SDRF ने संभाला मोर्चा
ब्यूरो, ऋषिकेश।
___________________
चारधाम यात्रा पर जा रही एक बस रविवार सुबह टिहरी की तोताघाटी के पास ब्रेक फेल होने से पलट गई। हादसे में 3-4 यात्रियों को मामूली चोटें आईं, जबकि 35 यात्री बाल-बाल बच गए। सूचना मिलते ही SDRF की टीम ने तुरंत रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर स्थिति को कंट्रोल किया।
हादसे की खबर मिलते ही निरीक्षक कवीन्द्र सजवान के नेतृत्व में SDRF पोस्ट ढालवाला और ब्यासी की टीमें घटनास्थल के लिए रवाना हुईं। टीम ने मौके पर पहुंचकर पलटी बस से यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला। घायल 3-4 यात्रियों को 108 एम्बुलेंस सेवा की मदद से उपचार के लिए ऋषिकेश अस्पताल भेजा गया। SDRF ने स्थानीय प्रशासन और अन्य आपातकालीन एजेंसियों के साथ समन्वय कर राहत कार्य पूरा किया।
SDRF के मुताबिक सभी घायल यात्रियों को सामान्य चोटें ही आई हैं। शेष सभी 35 यात्री पूरी तरह सुरक्षित हैं। हादसे के बाद चारधाम रूट पर कुछ देर ट्रैफिक बाधित रहा, जिसे बाद में सामान्य कर दिया गया।
पहाड़ी रास्तों पर ब्रेक फेल के हादसे लगातार बढ़ रहे हैं। प्रशासन ने यात्रा बसों की फिटनेस जांच सख्त करने के निर्देश दिए हैं।



