June 26, 2026

गोविंदनगर का कूड़ा पहाड़ 6 महीने में होगा साफ, शासन ने दी मंजूरी, अप्रैल माह से डलेगा लाल पानी में नया कूड़ा

0
20260311_130923

ब्यूरो, ऋषिकेश।

_____________________

गोविंदनगर में कूड़े का पहाड़ हटाने की प्रक्रिया शुरू हो गई है, शासन ने 6.79 करोड़ रुपये की धनराशि स्वीकृत की है। टेंडर प्रक्रिया शुरू हो गई है और छह महीने में कूड़ा साफ करने का लक्ष्य है। लालपानी में कूड़ा प्रोसेसिंग प्लांट भी लगभग तैयार है, अप्रैल से शुरू होगी प्रोसेसिंग।

अधिकारियों के अनुसार, टेंडर प्रक्रिया करीब एक महीने में पूरी हो जाएगी और इसके बाद कूड़े के निस्तारण का काम शुरू हो जाएगा। टेंडर शर्तों में कूड़े के निस्तारण के लिए छह महीने का समय निर्धारित किया गया है, जिससे उम्मीद है कि अगले छह महीनों के भीतर गोविंद नगर में पड़ा कूड़े का पहाड़ पूरी तरह साफ हो जाएगा।

इसके साथ ही शहर के लिए एक और बड़ी उपलब्धि यह है कि लालपानी में बन रहा कूड़ा प्रोसेसिंग प्लांट लगभग तैयार हो चुका है। प्लांट में मशीनें लगाने का कार्य शुरू हो गया है और अगले पंद्रह दिनों में मशीनें स्थापित कर दी जाएंगी।

नगर निगम की योजना के अनुसार अप्रैल माह से कूड़े की प्रोसेसिंग लालपानी प्लांट में शुरू करने की तैयारी है। यदि सब कुछ तय समय पर रहा तो अप्रैल से गोविंदगढ़ में नया कूड़ा डालना पूरी तरह बंद हो जाएगा।

अधिकारियों का कहना है कि गोविंद नगर में कूड़े के ढेर से आसपास के लोगों को दुर्गंध, गंदगी और बीमारियों का खतरा बना रहता था।

कूड़ा हटने के बाद स्थानीय लोगों को इन समस्याओं से राहत मिलेगी। नगर निगम का दावा है कि छह महीने के भीतर लेगेसी वेस्ट का पूर्ण निस्तारण कर दिया जाएगा और भविष्य में इस स्थान पर दोबारा कूड़ा नहीं डाला जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *