इनर व्हील क्लब लक्ष्मणझूला ने धूमधाम से मनाया हरियाली तीज महोत्सव
ब्यूरो, ऋषिकेश।
इनर व्हील क्लब लक्ष्मणझूला की ओर से हरियाली तीज महोत्सव धूमधाम से मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि उत्तराखंड महिला आयोग की अध्यक्ष कुसुम कंडवाल और एम्स महिला चिकित्सक शिरोन कंडारी ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
इस दौरान विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। हरे और लाल रंग के पारंपरिक परिधानों में सजी महिलाएं समारोह का आकर्षण रहीं। सोलह श्रृंगार में सजी महिलाओं ने सुंदर प्रस्तुतियां देकर खूब तालियां बटोरी।
समारोह में तीज क्वीन, तीज महारानी, तीज रनर-अप, मेहंदी, हेयर स्टाइल, डांस और बेस्ट कॉस्ट्यूम सहित विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। प्रतिभागियों ने पूरे उत्साह और उमंग के साथ प्रतियोगिताओं में हिस्सा लिया। मुख्य अतिथि कुसुम कंडवाल और एम्स चिकित्सक डॉ. शिरोन कंडारी ने उपस्थित महिलाओं को हरियाली तीज की शुभकामनाएं देते हुए नारी शक्ति, भारतीय संस्कृति और सामाजिक सहभागिता के महत्व पर प्रकाश डाला।
क्लब अध्यक्ष मोनिका गर्ग ने अतिथियों एवं उपस्थित महिलाओं का स्वागत करते हुए हरियाली तीज के महत्व पर प्रकाश डाला। प्रतियोगिता में तीज क्वीन का खिताब जीता, जबकि तीज महारानी का खिताब विजेता पोखरेल के नाम रहा। तीज रनर-अप का खिताब मोना पुरोहित और रचना राजपाल ने हासिल किया। मेहंदी प्रतियोगिता में मोना पुरोहित और रेखा मिश्रा विजेता रहीं। हेयर स्टाइल प्रतियोगिता में एकता राजपाल और राजकुमारी ने बाजी मारी। डांस प्रतियोगिता में शोभा शर्मा, सोनम और निशा ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं शिखा शर्मा को बेस्ट कॉस्ट्यूम के खिताब से सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर क्लब अध्यक्ष मोनिका गर्ग, रचना राजपाल, मीनाक्षी भंडारी, सोनिका शर्मा, राखी गर्ग, सिमरन कुकरेजा, रेखा, शिखा, पूनम, सिमरन सहित क्लब की अन्य सदस्य मौजूद रहीं।



