सस्टेनेबल योग नगरी ऋषिकेश को मिला सिल्वर स्कॉच अवार्ड
ब्यूरो,
स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और जनभागीदारी के प्रयासों को राष्ट्रीय स्तर पर मिली पहचान
ऋषिकेश। नगर निगम ऋषिकेश को स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण एवं सतत विकास के क्षेत्र में किए गए उत्कृष्ट कार्यों के लिए प्रतिष्ठित सिल्वर स्कॉच अवार्ड से सम्मानित किया गया है। नई दिल्ली स्थित पीएचडी चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री में आयोजित 108वें स्कॉच अवार्ड समिट में नगर निगम ऋषिकेश को “सस्टेनेबल योग नगरी” श्रेणी में यह सम्मान प्रदान किया गया।
स्कॉच अवार्ड देश के सर्वोच्च स्वतंत्र नागरिक सम्मानों में से एक माना जाता है, जो सुशासन, नवाचार, सामाजिक विकास और उत्कृष्ट सार्वजनिक सेवाओं के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाली संस्थाओं एवं व्यक्तियों को दिया जाता है।
नगर निगम ऋषिकेश को यह सम्मान स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में किए गए नवाचारपूर्ण एवं प्रभावी कार्यों के लिए मिला है। निगम द्वारा लेगेसी वेस्ट रिमेडिएशन, वेस्ट ट्रीटमेंट प्लांट की स्थापना एवं संचालन, स्रोत स्तर पर कचरा पृथक्करण अभियान तथा शत-प्रतिशत डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण जैसी योजनाओं को सफलतापूर्वक लागू किया गया है।
इसके अलावा त्रिवेणी घाट एवं आस्था पथ की नियमित सफाई व्यवस्था, सिंगल यूज प्लास्टिक प्रतिबंध अभियान, गार्बेज वल्नरेबल पॉइंट्स (जीवीपी) का सौंदर्यीकरण, ईवी चार्जिंग स्टेशनों का निर्माण, विद्यालयों में स्वच्छता एवं पर्यावरण जागरूकता कार्यक्रम तथा राष्ट्रीय स्वच्छ वायु कार्यक्रम (एनसीएपी) के अंतर्गत “कचरामैन” जैसी जनजागरूकता गतिविधियों को भी राष्ट्रीय स्तर पर सराहा गया।
इस उपलब्धि पर तत्कालीन नगर आयुक्त ने सम्मान का श्रेय महापौर, सभी जनप्रतिनिधियों, नगर निगम की पूरी टीम और ऋषिकेश की जागरूक जनता को दिया। उन्होंने कहा कि नागरिकों के सहयोग, कर्मचारियों की मेहनत और जनप्रतिनिधियों के मार्गदर्शन से ही नगर निगम को राष्ट्रीय स्तर पर यह गौरव हासिल हुआ है।
यह सम्मान न केवल नगर निगम ऋषिकेश की कार्यशैली का प्रमाण है, बल्कि योग नगरी ऋषिकेश को स्वच्छ, हरित और सतत विकास के मॉडल शहर के रूप में स्थापित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि भी माना जा रहा है।



