राष्ट्रीय गौरव सम्मान से सम्मानित हुए विशाल त्यागी
संपादक,
नरेंद्रनगर। धर्मानंद उनियाल राजकीय महाविद्यालय, नरेंद्रनगर के पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग में कार्यरत विशाल त्यागी को फोटोग्राफी के क्षेत्र में उनके उत्कृष्ट एवं रचनात्मक योगदान के लिए राष्ट्रीय गौरव सम्मान से सम्मानित किया गया।
यह सम्मान उन्हें राष्ट्रीय वीआईपी प्रेस क्लब उत्तराखंड द्वारा देहरादून के टाउन हॉल में आयोजित भव्य राष्ट्रीय गौरव सम्मान समारोह में प्रदान किया गया।
समारोह में देश एवं प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से आए उन विशिष्ट व्यक्तियों को सम्मानित किया गया, जिन्होंने सामाजिक सेवा, पत्रकारिता, शिक्षा, कला एवं अन्य क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देकर समाज को नई दिशा देने का कार्य किया है।
विशाल त्यागी को यह सम्मान उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री एवं प्रख्यात शिक्षाविद् रमेश पोखरियाल निशंक द्वारा प्रदान किया गया। सम्मान प्राप्त करने पर विशाल त्यागी ने इसे अपने सहयोगियों, विद्यार्थियों और शुभचिंतकों के सहयोग एवं विश्वास का परिणाम बताया।
कार्यक्रम में प्रसिद्ध फिल्म अभिनेत्री इन्द्राणी भी विशेष रूप से उपस्थित रहीं। उनकी मौजूदगी ने समारोह की गरिमा को और बढ़ा दिया। इस अवसर पर विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले प्रतिभागियों को सम्मानित करते हुए उनके योगदान की सराहना की गई।
महाविद्यालय परिवार ने विशाल त्यागी को मिली इस उपलब्धि पर हर्ष व्यक्त करते हुए इसे संस्थान के लिए गौरव एवं प्रेरणा का क्षण बताया। यह सम्मान न केवल विशाल त्यागी की प्रतिभा और समर्पण का प्रमाण है, बल्कि युवा पीढ़ी को अपने क्षेत्र में उत्कृष्टता हासिल करने के लिए प्रेरित करने वाला भी है।



