कोतवाली के पास मेडिकल स्टोर में चोरी, सीसीटीवी में कैद हुए चोर
संपादक,
मेडिकल स्टोर में चोरी, सीसीटीवी में कैद हुए चोर
ऋषिकेश। तीर्थनगरी में पुलिस की नाक के नीचे चोरों ने एक मेडिकल स्टोर को निशाना बनाते हुए हजारों रुपये की नकदी पर हाथ साफ कर दिया। हैरानी की बात यह है कि घटना स्थल कोतवाली से महज कुछ ही दूरी पर स्थित है। पूरी वारदात दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है।
जानकारी के अनुसार देहरादून रोड स्थित राजकीय उपजिला चिकित्सालय के सामने भारत भूषण कोठारी का मेडिकल स्टोर है। सोमवार रात वह रोजाना की तरह दुकान बंद कर अपने घर चले गए थे। मंगलवार सुबह पड़ोसी दुकानदार ने उन्हें फोन कर बताया कि उनकी दुकान का शटर खुला हुआ है।
मौके पर पहुंचने पर उन्होंने देखा कि चोर जैक की मदद से शटर को ऊपर उठाकर दुकान के भीतर घुसे थे। चोर गल्ले में रखी करीब 20 हजार रुपये की नकदी चोरी कर फरार हो गए।
सीसीटीवी फुटेज में एक व्यक्ति पहले दुकान के अंदर प्रवेश करता दिखाई दे रहा है। उसने गल्ला खोलकर नकदी निकाली और बाहर खड़े अपने साथी को अंदर बुला लिया। इसके बाद दूसरा व्यक्ति नकदी को थैले में भरकर मौके से फरार हो गया। फुटेज में बगल की दुकान के बाहर एक संदिग्ध व्यक्ति सोता हुआ भी दिखाई दे रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि कुछ समय पूर्व त्रिवेणी घाट चौकी के सामने भी इसी तरह की चोरी की घटना हुई थी। उस मामले में भी चोर वारदात से पहले दुकान के बाहर काफी देर तक सोए रहे थे और बाद में चोरी को अंजाम दिया था।
सूचना मिलने पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल की और सीसीटीवी फुटेज कब्जे में ले ली। प्रभारी निरीक्षक यशपाल बिष्ट ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है तथा फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं।



