भाजपा महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष ममता नयाल ने कुष्ठ आश्रम में बांटे राशन और फल
मानव सेवा सबसे बड़ा धर्म है
संपादक,
ऋषिकेश। भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष ममता नयाल ने अपना जन्मदिवस अनोखे अंदाज में मनाते हुए मुनि की रेती स्थित कुष्ठ आश्रम में जरूरतमंद लोगों को राशन सामग्री और फल वितरित किए। इस दौरान उन्होंने समाज को सेवा और सहयोग का संदेश भी दिया।
ममता नयाल ने कहा कि आजकल लोग जन्मदिन के अवसर पर मौज-मस्ती और दिखावे में लाखों रुपये खर्च कर देते हैं, जबकि यदि उसी धन का कुछ हिस्सा जरूरतमंद लोगों की सहायता में लगाया जाए तो यह सबसे बड़ा पुण्य कार्य होगा। उन्होंने युवाओं से अपील करते हुए कहा कि अपने जन्मदिवस को केवल उत्सव तक सीमित न रखें, बल्कि किसी जरूरतमंद की मदद कर उसे यादगार बनाएं।
उन्होंने कहा कि समाज के कमजोर और जरूरतमंद वर्ग की सेवा करना हम सभी का नैतिक कर्तव्य है और ऐसे अवसरों पर मानवता की भावना को प्राथमिकता देनी चाहिए।
इस अवसर पर सतीश सिंह, निशा बिष्ट, निवेदिता सरकार, दुर्गा उदित जिंदल, रुचि जैन, सुनीता गौर सहित भाजपा महिला मोर्चा की कई कार्यकर्ता उपस्थित रहीं।



