May 12, 2026

“स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार” का संदेश लेकर संपन्न हुआ पोषण जागरूकता कार्यक्रम।

0
20251016_204635

यमकेश्वर/ पौड़ी।

_______________

उत्तराखण्ड राज्य महिला आयोग एवं बाल विकास परियोजना यमकेश्वर के संयुक्त तत्वावधान में आज आठवें राष्ट्रीय पोषण माह 2025 के समापन अवसर पर “स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार” विषय पर पोषण जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन राजकीय इन्टर कॉलेज, गंगा भोगपुर मल्ला, यमकेश्वर, जनपद – पौड़ी गढ़वाल में आयोजित किया गया।

कार्यक्रम की मुख्य अतिथि राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष कुसुम कण्डवाल ने कहा कि नारी और शिशु के स्वास्थ्य की समुचित देखभाल से ही सशक्त परिवार और सशक्त समाज की नींव रखी जा सकती है। उन्होंने उपस्थित महिलाओं से आह्वान किया कि वे अपने परिवार के साथ-साथ समुदाय में भी पोषण और स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता फैलाएँ।

समापन अवसर पर अध्यक्ष कुसुम कण्डवाल ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा आरंभ किए गए राष्ट्रीय पोषण अभियान के प्रति आभार व्यक्त किया और कहा कि प्रधानमंत्री मोदी का यह अभियान ने महिलाओं, बच्चों और किशोरियों के स्वास्थ्य के क्षेत्र में नई चेतना का संचार किया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री की “स्वस्थ नारी – सशक्त परिवार” की सोच धरातल पर साकार हो रही है।

उन्होंने कहा सरकार की योजना और अभियान समाज के हर वर्ग को सीधे लाभान्वित कर रही हैं और आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियों और आशा बहनों के सहयोग से यह अभियान जन-जन तक पहुंचा है।

इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि बचन सिंह बिष्ट, सदस्य जिला पंचायत यमकेश्वर, ने महिला आयोग एवं बाल विकास विभाग के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रम ग्रामीण अंचलों में स्वास्थ्य और पोषण के प्रति नई चेतना जगाने में अत्यंत प्रभावी सिद्ध हो रहे हैं।

कार्यक्रम में अनेक सामाजिक और स्वास्थ्यवर्धक गतिविधियां आयोजित की गईं। इस दौरान दो महिलाओं को, जिनके घर बेटियों का जन्म हुआ, महालक्ष्मी किट भेंट की गई। चार शिशुओं का अन्नप्राशन संस्कार संपन्न हुआ तथा चार गर्भवती महिलाओं की गोद भराई की गई। इसी क्रम में नौ कुपोषित बच्चों को पोषण किट प्रदान की गई, जबकि सात किशोरियों को किशोरी किट देकर उनके स्वास्थ्य और स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया।

ग्राम प्रधान गंगा भोगपुर बबिता देवी ने महिला आयोग की अध्यक्ष का आभार व्यक्त किया।सुपरवाइजर रेखा नेगी ने सभी अतिथियों का स्वागत किया।जबकि CHO आफरीन ने महिलाओं को स्वास्थ्य और पोषण संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां दीं।

कार्यक्रम में बाल विकास परियोजना अधिकारी अंजू डबराल गौड़ ने जानकारी दी कि यमकेश्वर के सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में 17 सितंबर से 16 अक्टूबर तक राष्ट्रीय पोषण माह का सफल आयोजन किया गया। उन्होंने बताया कि इस अवधि में विभिन्न ग्रामों में पोषण रैलियां, पोषण थाली प्रतियोगिताएं, मातृ-शिशु स्वास्थ्य पर चर्चाएं और जनजागरूकता अभियान चलाए गए।

इस दौरान किमसार, घोरगड्डी, बुकण्डी, गंगा भोगपुर मल्ला व तल्ला और स्वर्गाश्रम क्षेत्र की लगभग सत्तर आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियाँ उपस्थित रहीं, जिनमें सुषमा, निकिता, आनंदी, दीपिका, स्वेच्छा, भुवनेश्वरी, वंदना मौजूद रहें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *