पूरी रात पहाड़ी पर फंसा रहा बिहार का युवक, रेस्क्यू बोट से त्रिवेणी घाट लाया गया
ब्यूरो,
गंगा की तेज धारा के बीच पहाड़ी पर फंसे युवक को SDRF ने बचाया
ऋषिकेश। 84 कुटिया के समीप गंगा नदी की तेज धारा के बीच स्थित एक पहाड़ी पर पूरी रात फंसे युवक को एसडीआरएफ ढालवाला टीम ने रविवार सुबह सफल रेस्क्यू अभियान चलाकर सुरक्षित बाहर निकाल लिया। युवक नदी में बहकर पहाड़ी तक पहुंच गया था और अंधेरा तथा तेज बहाव के कारण वापस नहीं लौट सका।
रविवार सुबह करीब नौ बजे एक स्थानीय व्यक्ति ने एसडीआरएफ को सूचना दी कि गंगा नदी के बीच पहाड़ी पर एक युवक फंसा हुआ है और हाथ हिलाकर मदद की गुहार लगा रहा है। सूचना मिलते ही एसडीआरएफ ढालवाला की टीम हेड कांस्टेबल ओमप्रकाश सिंह के नेतृत्व में आवश्यक रेस्क्यू उपकरणों के साथ घटनास्थल के लिए रवाना हुई।
मौके पर पहुंचकर टीम ने देखा कि युवक गंगा की तेज धाराओं के बीच एक चट्टानी पहाड़ी पर फंसा हुआ है। पूछताछ में युवक ने बताया कि वह नदी में बहते हुए वहां तक पहुंच गया था। तेज बहाव और रात होने के कारण वह सुरक्षित बाहर नहीं निकल पाया और पूरी रात उसी स्थान पर गुजारनी पड़ी।
एसडीआरएफ के जवान मातवर सिंह, मनमोहन सिंह और राहुल कुमार ने रेस्क्यू बोट के माध्यम से जोखिम भरी धारा का सामना करते हुए युवक तक पहुंच बनाई। कड़ी मशक्कत के बाद उसे सुरक्षित बोट में बैठाकर त्रिवेणी घाट लाया गया।
रेस्क्यू किए गए युवक की पहचान करण कुमार पासवान (21 वर्ष) पुत्र सुरेंद्र पासवान, निवासी बिहार के रूप में हुई है। स्वास्थ्य परीक्षण में युवक की स्थिति सामान्य पाई गई। इसके बाद उसे स्थानीय पुलिस और परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।
युवक के सकुशल बचाव के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों ने एसडीआरएफ की त्वरित कार्रवाई और साहसिक प्रयासों की सराहना करते हुए टीम का आभार व्यक्त किया।



